Rewari News: रेवाड़ी में थार का तांडव, डिवाइडर चीरते हुए ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ाए, बाल-बाल बचे 4 यात्री

Rewari Road Accident/Rewari News रेवाड़ी । बावल रोड पर बुधवार सुबह एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर राहगीरों की रूह कांप गई। एक तेज रफ्तार थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांद गई और दूसरी तरफ से आ रहे ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार चार यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत यह रही कि इस भीषण टक्कर में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, वरना यह एक बड़े मातम में बदल सकता था। Thar and E-Rickshaw Collision, Bawal Road News

सामने आई गाड़ी को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह एक थार गाड़ी रेवाड़ी से बावल की तरफ जा रही थी। जैसे ही गाड़ी चांदपुर की ढाणी के पास पहुंची, अचानक थार के सामने एक दूसरा वाहन आ गया। चश्मदीदों का कहना है कि, उस वाहन को बचाने के प्रयास में थार चालक ने तेजी से स्टयरिंग घुमाया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई। रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि, थार डिवाइडर को पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ यानी रॉन्ग साइड चली गई और बिठवाना मंडी की तरफ से आ रहे ई-रिक्शा से सीधे जा भिड़ी। Rewari Model Town Police, Accident Near Chandpur Dhani

मदद के लिए दौड़े लोग, मची चीख-पुकार

टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत बचाव कार्य के लिए दौड़े। ई-रिक्शा में फंसे चारों यात्रियों को बाहर निकाला गया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि, दूर-दराज के लोग भी इकट्ठा हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और अपनी गाड़ियों से घायलों को पास के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

क्षतिग्रस्त हुए वाहन, मॉडल टाउन पुलिस ने संभाली जांच

हादसे के बाद सड़क के बीचों-बीच खड़ी क्षतिग्रस्त थार और ई-रिक्शा के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। थार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है, जो टक्कर की तीव्रता को बयां कर रहा है। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या थार की रफ्तार निर्धारित सीमा से अधिक थी।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp