दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ गर्मी: 42.8 डिग्री के साथ टूटा 4 साल का रिकॉर्ड; जानें कब बरसेगा राहत का अमृत!

Delhi Heatwave News नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी और लू के कहर से जूझ रही है। शनिवार को दिल्ली ने इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। यह पिछले चार वर्षों में अप्रैल के महीने में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले साल 2022 में पारा 43.5 डिग्री तक पहुंचा था। Delhi Temperature Record April, Rain Forecast Delhi

भीषण लू की श्रेणी में दिल्ली, रिज केंद्र पर पारा 44 के पार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कई हिस्सों में लू की स्थिति दर्ज की है। रिज केंद्र पर तो स्थिति और भी भयावह रही, जहां तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है। आईएमडी के मानकों के अनुसार, जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर और सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो, तो उसे लू घोषित किया जाता है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि, शनिवार लू का लगातार तीसरा दिन था, क्योंकि हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली उप-मंडल के कई केंद्रों पर लू के मानक पूरे हुए हैं। IMD Yellow Alert Delhi, Delhi AQI Update

प्रदूषण ने भी बढ़ाई चिंता, एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में

गर्मी के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी ज़हरीली बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 243 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। धूल भरी हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण प्रदूषण के स्तर में यह वृद्धि देखी गई है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि, आने वाले दिनों में बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

राहत की खबर: सोमवार से बदलेगा मौसम का मिजाज

तपती गर्मी के बीच दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग ने सोमवार से बुधवार तक बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। निचले क्षोभमंडल में चलने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मंगलवार तक तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। अगले सप्ताह के अंत तक पारा गिरकर 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे भीषण लू से निजात मिलेगी।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp