Bawal News/Negligence in Tree Cutting Bawal बावल । बावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में सूखे पेड़ों की कटाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी किए जाने के चलते एक भारी-भरकम पेड़ सीधे हाई-वोल्टेज बिजली की तारों पर जा गिरा। इस हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बिजली के करीब चार खंभे मौके पर ही टूट कर गिर गए। इस घटना के बाद पूरे अस्पताल और आसपास की डॉक्टर कॉलोनी की बिजली व्यवस्था दिनभर ठप रही, जिससे भीषण गर्मी में मरीजों और स्टाफ को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नीलामी के बाद चल रही थी कटाई, लापरवाही पड़ी भारी
अस्पताल परिसर में खड़े सूखे पेड़ों की नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने टेंडर जारी किया था। शनिवार को ठेकेदार अपनी टीम के साथ पेड़ काटने पहुंचा था। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ काटते समय न तो बिजली विभाग से तालमेल बिठाया गया और न ही पेड़ को गिरने से रोकने के लिए रस्सियों का सही इस्तेमाल हुआ। जैसे ही पेड़ कटा, वह अनियंत्रित होकर सीधा बिजली लाइन पर गिरा, जिससे खंभे ताश के पत्तों की तरह ढह गए।
मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, ठप हुई उपचार व्यवस्था
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से वार्डों में भर्ती मरीजों की हालत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को मोबाइल की रोशनी और हाथ के पंखों का सहारा लेना पड़ा। बिना बिजली के कई जरूरी मशीनें और उपचार व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे इलाज के लिए आए लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली निगम को मोटा नुकसान
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में विभाग को प्रारंभिक तौर पर 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। चार खंभों के साथ-साथ इंसुलेटर और तारों को भी भारी नुकसान पहुँचा है। नुकसान का सटीक आंकड़ा लाइन पूरी तरह ठीक होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।