HBSE NEWS भिवानी/प्रदेशभर से । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इसमें 84.67 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं, जो पिछले साल से 0.99% कम हैं। गांवों के बच्चों ने लगातार दूसरे साल शहरों को पीछे छोड़ा है। इस बार टॉप-3 में चारों बेटियां हैं। इनमें 3 किसान परिवारों और 1 लेक्चरर की बेटी है। HBSE 12th Result 2026, Haryana Board Topper Deepika, Rewari News, Bhiwani Board Result
रेवाड़ी की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक लेकर प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। रोहतक की उदिता 498 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। जींद की योगिता और मुस्कान 497 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 2,42,856 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे, जिनमें से 2,05,618 पास हुए और 10,498 फेल हुए। चरखी दादरी का रिजल्ट 91.08% के साथ सबसे बेहतर रहा, जबकि नूंह में सबसे कम 57% छात्र पास हुए। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि जो छात्र पुनर्मूल्यांकन कराना चाहते हैं, वे 20 दिन के अंदर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
प्रदेश की टॉप-4 बेटियों की सफलता का मंत्र
-
1st – दीपिका, आर्ट्स, रेवाड़ी (499/500): सफलता का सबसे बड़ा राज पढ़ाई में निरंतरता रखना रहा। घर पर रोजाना 2 से 3 घंटे सेल्फ स्टडी की, जिसे परीक्षा के दौरान बढ़ाकर 4 से 5 घंटे कर दिया। कठिन विषयों के लिए यूट्यूब को माध्यम बनाया। लक्ष्य आईएएस बनना है।
-
2nd – उदिता, आर्ट्स, रोहतक (498/500): मेरी गुरु आचार्य डॉ. सुकामा ने फोन पर खुशखबरी दी। गुरुकुल में मोबाइल पर पाबंदी रहती है, जिससे पढ़ाई पर पूरा फोकस करने में मदद मिली। लक्ष्य भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करना है।
-
3rd – योगिता, आर्ट्स, जींद (497/500): स्कूल के अलावा घर पर 5 से 7 घंटे पढ़ाई की। अब ऑनलाइन क्लास लेकर आगे की तैयारी शुरू कर दी है। मेरा सपना आईएएस बनकर देश सेवा करना है।
-
3rd – मुस्कान, आर्ट्स, जींद (497/500): 12वीं में जो मुकाम हासिल किया है, वह बड़े सपने की पहली सीढ़ी है। रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ती थी। पिता कृष्ण एक किसान हैं और माता गुड्डी गृहिणी हैं। सपना आईएएस बनने का है।