Alwar News मालाखेड़ा । अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत खैडला गांव में इंसानियत और बेमिसाल सामाजिक भाईचारे की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। गांव निवासी प्रहलाद बैरवा की लंबी बीमारी के चलते असमय मौत हो जाने के बाद उनका परिवार गहरे आर्थिक संकट और बेसहारा स्थिति में आ गया था। ऐसे मुश्किल समय में सर्व समाज और स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने का बीड़ा उठाया और महज कुछ ही दिनों में 1 लाख 16 हजार 531 रुपये की सहायता राशि एकत्रित कर पीड़ित परिवार के सुपुर्द कर दी।
प्रहलाद की मत्यु के बाद टूट चुका था परिवार
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन के जयपुर संभाग संयोजक एवं सर्व समाज हैल्प टीम समिति राजगढ़ के संयोजक प्रकाश भाबला दुब्बी, सुनील भाकरी और प्रमोद सैनी ने बताया कि, प्रहलाद बैरवा की मृत्यु के बाद परिवार पूरी तरह से टूट चुका था। परिवार को इस तंगी से उबारने के लिए ग्रामीणों और हैल्प टीम ने एक विशेष आर्थिक मदद मिशन की शुरुआत की।
225 भामाशाहों ने दिया दान
इस मुहिम से जुड़कर करीब 225 भामाशाहों व सहयोगकर्ताओं ने अपनी स्वेच्छा से योगदान दिया। सहायता राशि सौंपने से पूर्व सर्व समाज हैल्प टीम के सदस्यों और ग्रामीणों ने स्वर्गीय प्रहलाद बैरवा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी स्मृति में एक फलदार पौधा रोपा गया और पक्षियों के लिए परिंडा भी लगाया गया।
भविष्य के लिए एक लाख की एफडी कराई
मिशन से जुड़े सदस्य दीनू ने बताया कि एकत्रित हुई कुल राशि के उपयोग को लेकर समिति के सदस्यों ने एक दूरदर्शी निर्णय लिया। पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 1 लाख रुपये की राशि की परिवार के नाम बैंक में फिक्स डिपॉजिट (FD) करवा दी गई है। वहीं, बची हुई 16,531 रुपये की नकद राशि परिवार को उनके दैनिक घर खर्च और तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंप दी गई है।
पूरे क्षेत्र में हो रही मिशन की सराहना
मिशन के सफल समापन और राशि सौंपने के दौरान सर्व समाज हैल्प टीम के सदस्य सुनील भाकरी, प्रमोद सैनी सकट, सैतान भाकरी, मनोज भाबला, सतीश, शिवलाल, दीनदयाल, महेंद्र, फूलचंद, अंकित, राजेंद्र, शिंबूदयाल, मुकेश, लोकेश सहित पीड़ित परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों के इस प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।