रेवाड़ी में बड़ी चोरी: AC की खाली जगह बनी चोरों का रास्ता, गांव के बंद मकान से लाखों के जेवर साफ

Rewari News Today रेवाड़ी । हरियाणा के रेवाड़ी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला रेवाड़ी के गांव नूरपुर का है, जहां एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि, चोरों ने घर में घुसने के लिए दरवाजे या खिड़की के ताले नहीं तोड़े, बल्कि उस खाली जगह का इस्तेमाल किया जहां खिड़की वाला एसी (Window AC) लगा हुआ था। फिलहाल, पीड़ित परिवार की शिकायत पर रोहड़ाई थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। (Rewari News) (Rewari Crime News)

शहर शिफ्ट हुआ था परिवार, गांव में सूना था मकान

मिली जानकारी के अनुसार, गांव नूरपुर निवासी दीपक और उनकी पत्नी शालू पिछले कुछ समय से गांव का घर बंद करके रेवाड़ी शहर में किराए के मकान में रह रहे थे। गांव वाले मकान में लगे विंडो एसी में कुछ खराबी आ गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए मिस्त्री को दिया गया था। एसी उतरने के बाद खिड़की में उसकी जगह खाली बची हुई थी। चोरों की नजर इस सूने मकान और खाली पड़ी एसी विंडो पर पड़ गई। (Rohrai Police Station)

गांव लौटे तो पैरों तले खिसक गई जमीन

वीरवार को जब दीपक और शालू अपने गांव वाले घर की सुध लेने पहुंचे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। जैसे ही उन्होंने कमरा खोला, अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे कई आभूषण गायब थे।

  1. सोने का मंगलसूत्र
  2. एक जोड़ी सोने के टॉप्स (कानों के)
  3. दो सोने की अंगूठियां
  4. चांदी के अन्य आभूषण

पीड़ितों ने तुरंत इस चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp