International News नई दिल्ली । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक बेहद अनूठा और चौंकाने वाला ट्रेंड तेजी से उभर रहा है। चीन में लोग अब किसी शूटिंग या सेट पर जाए बिना, केवल अपना चेहरा किराए पर देकर लाखों रुपये कमा रहे हैं।
एआई मॉडल, डिजिटल अवतार, गेमिंग और विज्ञापनों में असली इंसानी चेहरों की मांग इतनी बढ़ गई है कि कुछ टेक प्लेटफॉर्म्स चेहरों के इस्तेमाल के बदले ₹14 लाख तक की भारी-भरकम फीस दे रहे हैं।
कहां और कैसे इस्तेमाल हो रहे हैं ये डिजिटल चेहरे?
370 डिजिटल एक्टर्स के प्रोफाइल: चीन के एक प्रमुख प्लेटफॉर्म पर लगभग 370 डिजिटल एक्टर्स के प्रोफाइल लिस्टेड हैं।
इस्तेमाल का दायरा: इन चेहरों को फिल्मों, टीवी सीरियल्स, वीडियो गेम्स, मॉडलिंग अभियानों और कमर्शियल एड्स (विज्ञापन) के लिए चुना जाता है।
कम समय में तगड़ी कमाई: 3 दिन में ₹36 हजार तक
बैंक कर्मचारी का मामला: चीन के एक बैंक कर्मचारी का चेहरा एक एडवरटाइजिंग कंपनी ने 3 दिन के अंदर 7 बार इस्तेमाल किया, जिसके एवज में उसे करीब ₹36,000 मिले।
रोमांस व फैमिली कंटेंट: कुछ लोग केवल रोमांस या फैमिली ड्रामा कंटेंट के लिए अपना चेहरा इस्तेमाल करने की अनुमति देते हैं, जिसके लिए उन्हें प्रति इस्तेमाल ₹1,400 तक मिलते हैं।
प्राइवेसी और एग्रीमेंट: कंटेंट चुनने की आजादी और कड़े जुर्माने
चेहरा किराए पर देने की प्रक्रिया केवल फोटो या स्कैन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके नियम और शर्तें भी काफी सख्त हैं।
कंटेंट चुनने का अधिकार: उपयोगकर्ता खुद तय कर सकते हैं कि उनका चेहरा किस तरह के कंटेंट में इस्तेमाल होगा। कोई भी व्यक्ति हॉरर या एडल्ट या सेक्सुअल कंटेंट में अपना चेहरा देने से साफ मना कर सकता है।
दो अलग-अलग अनुमतियां: चेहरे का इस्तेमाल सीधे कंटेंट या विज्ञापन में करने की मंजूरी अलग होती है, जबकि AI एल्गोरिदम की ट्रेनिंग के लिए डेटा देने की सहमति अलग होती है।
₹7.2 लाख का जुर्माना: यदि कोई व्यक्ति कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद तय समय से पहले अपना लाइसेंस वापस लेता है या एग्रीमेंट तोड़ता है, तो उस पर करीब ₹7.2 लाख तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।