Rewari News रेवाड़ी । जिले के खोल थाना अंतर्गत आने वाले गांव मंदौला में एक क्राइम का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर उस समय हमला कर दिया गया, जब वह गांव में ही एक शादी समारोह से घर वापस लौट रहा था। वारदात को गांव के ही शहीद पार्क के पास अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Mandola Village Crime
शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, गांव मंदौला निवासी विनोद कुमार बीती रात गांव में ही एक मिस्त्री की बेटी की शादी के कार्यक्रम में शिरकत करने गया था। विनोद ने बताया कि, वह वहां कन्यादान देकर वापस अपने घर की ओर पैदल आ रहा था। जैसे ही वह गांव के शहीद पार्क के पास पहुंचा, अचानक पीछे से एक व्यक्ति ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। हमलावर की पहचान गांव के ही कंवर सिंह के रूप में हुई है।
धारदार औजार से किया गया प्रहार
विनोद कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि, आरोपी ने सरसों काटने वाले एक तेज धारदार औजार से उसके सिर, हाथ और कमर पर कई वार किए। हमला इतना अचानक था कि, विनोद को खुद को बचाने का मौका भी नहीं मिला। शोर मचाने पर जब आसपास के ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े, तो आरोपी पकड़े जाने के डर से वहां से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत विनोद के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। Rewari Police Case, Attack near Shaheed Park
वजह तलाशने में जुटी खोल थाना पुलिस
इस पूरी वारदात में सबसे अजीब बात यह है कि, पीड़ित विनोद का आरोपी के साथ कोई पुराना झगड़ा नहीं था। विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि, उसे समझ नहीं आ रहा कि, आखिर उस पर यह हमला क्यों किया गया? पुलिस अब इस पहलू पर गौर कर रही है कि, क्या यह हमला किसी पुरानी अनबन का नतीजा है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। News Voice Rewari