15 गेंद और CSK ढेर! 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम, राजस्थान रॉयल्स की आंधी में उड़ी धोनी की सेना

IPL Letest Update जयपुर । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का आगाज किसी ने सोचा भी नहीं था कि, इतना विस्फोटक होगा। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में जब राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमें आमने-सामने उतरीं, तो लगा था कि मुकाबला कांटे का होगा। लेकिन मैदान पर उतरा एक 15 साल का लड़का और उसने देखते ही देखते पूरी बाजी ही पलट दी। राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सीजन की पहली जीत अपने नाम कर ली है।

वैभव का वो तूफान जिसने CSK को संभलने का मौका नहीं दिया

मैच की सबसे बड़ी हाईलाइट रहे राजस्थान के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। जब वैभव क्रीज पर आए, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतिहास रचने वाले हैं। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल इतिहास की तीसरी सबसे तेज फिफ्टी है। हालांकि, किस्मत भी बहादुरों का साथ देती है। पहले ही ओवर में मैट हेनरी की गेंद पर कार्तिक शर्मा ने वैभव का कैच छोड़ दिया था।

इस जीवनदान के बाद वैभव ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने महज 17 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 गगनचुंबी छक्के और 4 करारे चौके शामिल थे। उनकी इस पारी ने चेन्नई के गेंदबाजों का आत्मविश्वास पूरी तरह तोड़ दिया।

यशस्वी के साथ मिलकर बनाया जीत का प्लेटफॉर्म

वैभव को दूसरे छोर पर अनुभवी यशस्वी जायसवाल का भरपूर साथ मिला। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 75 रनों की धुआंधार साझेदारी हुई। दिलचस्प बात यह रही कि इस पार्टनरशिप में 75 में से 52 रन अकेले वैभव के बल्ले से निकले, जबकि यशस्वी ने सिर्फ 18 रनों का योगदान दिया। पावरप्ले खत्म होने से पहले ही राजस्थान ने मैच को अपनी मुट्ठी में कर लिया था। यशस्वी ने अंत तक टिककर 36 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग ने छोटे लेकिन उपयोगी योगदान देकर टीम को 12.1 ओवर में ही जीत दिला दी।

चेन्नई की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखरी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम शुरू से ही दबाव में दिखी। बारिश के बाद पिच में नमी थी और राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने इसका पूरा फायदा उठाया। सीएसके ने पावरप्ले में ही अपने 4 मुख्य विकेट गंवा दिए थे। पूरी टीम मिलकर 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और सिर्फ 127 रन पर ढेर हो गई।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp