Rajasthan History जयपुर | दुनिया के इतिहास में जब भी स्वाभिमान शौर्य और बलिदान का नाम आता है, तो राजस्थान की पावन माटी का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। यह केवल राजाओं और महलों की भूमि नहीं है, बल्कि यह वह सरजमीं है, जहां का चप्पा-चप्पा वीरों की अनकही गाथाओं को खुद में समेटे हुए है। आखिर क्या वजह थी कि, विशाल संसाधनों और अनगिनत फौजों के मालिक अकबर और औरंगजेब जैसे मुगल सम्राट भी राजपूताना के आगे हमेशा बेबस नजर आए और क्यों इसी मिट्टी से महाराणा प्रताप, वीर दुर्गादास राठौड़, गोरा-बादल और भामाशाह जैसे महान नायक निकले। इसका जवाब सिर्फ इतिहास के पन्नों में नहीं, बल्कि यहां के भूगोल, यहां के जनमानस और यहां की सामाजिक व्यवस्था में गहराई से छुपा हुआ है। Maharana Pratap Guerrilla Warfare Strategy, Why Rajasthan Produced Great Warriors, Veer Durgadas Rathore History Marwar, Bhil Community Contribution Mewar Battles
कठिन भूगोल और मरुस्थल की मार ने दी अदम्य शारीरिक क्षमता
राजस्थान की माटी से वीरों के निकलने की सबसे बड़ी वजह यहां का बेहद कठिन भूगोल और प्राकृतिक चुनौतियां रही हैं। राज्य का एक बड़ा हिस्सा थार के विशाल और तपे हुए मरुस्थल से घिरा हुआ है, तो दूसरी तरफ अरावली की बेहद दुर्गम और पथरीली पहाड़ियां खड़ी हैं। यहां पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करना पड़ता था। भीषण गर्मी और कड़ाके की ठंड के बीच जिंदगी जीने की इस कला ने यहां के आम निवासियों को बचपन से ही शारीरिक रूप से बेहद मजबूत, सहनशील और निडर बना दिया था, जो इंसान कुदरत की इतनी कठोर मार को रोज हंसकर झेलता था, उसके लिए रणभूमि की कठिनाइयां बहुत मामूली बात बन जाती थीं। यही वजह थी कि, यहां के मुसाफिर और सिपाही महीनों तक बिना खाना और पानी के भी जंग के मैदान में डटे रहने का साहस रखते थे।
स्वाभिमान के संस्कार और प्राण जाए पर वचन न जाई की परंपरा
राजस्थान के समाज में वीरता और देशभक्ति किसी किताब या पाठशाला से नहीं सिखाई जाती थी। बल्कि यह बच्चों को मां की गोद में संस्कार के रूप में मिलती थी। यहां की संस्कृति में स्वाभिमान को सबसे ऊंचा स्थान दिया गया था। बचपन से ही बच्चों को सिखाया जाता था कि, अपनी माटी, अपने धर्म और अपने वचन की रक्षा के लिए सिर कटा देना सबसे बड़ा पुण्य है। यहां की सामाजिक व्यवस्था में किसी शक्तिशाली दुश्मन के आगे घुटने टेकने या गुलामी स्वीकार करने से कहीं ज्यादा बेहतर मौत को गले लगाना माना जाता था। इसी सोच ने यहां के योद्धाओं के भीतर एक ऐसी अडिग मानसिक ताकत भर दी थी, जो उन्हें किसी भी मोड़ पर हार मानने नहीं देती थी।
अरावली की दुर्गम घाटियां और मुगलों के तोपखाने की नाकामी
जब मुगलों के पास लाखों की संगठित सेना असीम धन-दौलत और उस दौर के सबसे अत्याधुनिक तोपखाने थे, तब भी वे राजस्थान के सामने लाचार साबित होते थे। राजपूती योद्धा अपने इलाके की भौगोलिक बनावट से भली-भांति परिचित थे। महाराणा प्रताप और वीर दुर्गादास राठौड़ जैसे महान रणनीतिकारों ने युद्ध के लिए हमेशा अरावली की बेहद संकरी और दुर्गम घाटियों का चुनाव किया। इन पहाड़ी रास्तों में मुगलों की भारी-भरकम फौज और भारी तोपें पूरी तरह से बेकार हो जाती थीं। जहां मुगलों के हाथी और घोड़े आगे भी नहीं बढ़ पाते थे, वहां स्थानीय योद्धा बेहद आसानी से दुश्मन को घेरकर उनका नामोनिशान मिटा देते थे।
गुरिल्ला युद्धनीति यानी छापेमार हमले से दुश्मन का मानसिक पतन
राजपूत योद्धाओं की सबसे बड़ी ताकत उनकी छापामार यानी गुरिल्ला युद्ध प्रणाली थी। जब सामने विशाल सेना हो तो सीधे मैदान में उतरने के बजाय दिमागी रणनीति सबसे कारगर साबित होती है। राजपूती वीर अरावली की पहाड़ियों और घने जंगलों के पीछे छिपकर अचानक मुगल रसद और सैन्य टुकड़ियों पर जोरदार हमला बोलते थे। वे पलक झपकते ही दुश्मन के हथियार और भोजन सामग्री लूटकर वापस पहाड़ियों में गायब हो जाते थे। इस रणनीति ने मुगल सेना को शारीरिक रूप से थका दिया था और उनके मन में ऐसा खौफ पैदा कर दिया था कि, मुगल सिपाही राजस्थान के जंगलों और पहाड़ियों में कदम रखने से भी थर-थर कांपने लगते थे।