डिजिटल जनगणना: रेवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र के लिए प्रगणक आज से सीखेंगे मोबाइल ऐप की बारीकियां

Rewari News Today रेवाड़ी । डिजिटल जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है। इसी कड़ी में रेवाड़ी के डाइट हुसैनपुर में 6 अप्रैल से प्रगणकों और सुपरवाइजरों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। 22 अप्रैल तक चलने वाले इस शिविर में मुख्य रूप से रेवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र में तैनात होने वाले कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसमें पेन-कागज का काम लगभग खत्म कर दिया गया है और पूरा फोकस मोबाइल ऐप के इस्तेमाल पर रहेगा। (डिजिटल जनगणना 2027, रेवाड़ी नगर परिषद, प्रगणक प्रशिक्षण, डाइट हुसैनपुर, सेंसस मोबाइल ऐप) 

ऐप पर पंजीकरण भी सिखाएंगे

प्रशिक्षण के दौरान सबसे पहले प्रगणकों को ”सेंसस मोबाइल ऐप” पर पंजीकरण करना सिखाया जाएगा। इसके बाद फील्ड में जाकर लोगों से जुटाई गई जानकारी को ऐप पर फीड करने और उसे सर्वर के साथ सिंक करने का लाइव डेमो दिया जाएगा। चूंकि रेवाड़ी नगर परिषद एक सघन आबादी वाला क्षेत्र है, इसलिए प्रगणकों को लोकेशन टैगिंग और डिजिटल मैपिंग के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा, ताकि किसी भी इलाके का डेटा न छूटे। इस प्रशिक्षण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 33 सवालों की वह सूची है, जो हर परिवार से पूछे जाने हैं। इसमें बुनियादी सुविधाओं से लेकर सामाजिक स्थिति तक का विवरण शामिल होगा।

जनगणना राष्ट्र निर्माण के लिए जरूरी

प्रगणकों को मनोवैज्ञानिक टिप्स भी दिए जाएंगे ताकि वे फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपट सकें। डाइट हुसैनपुर के प्राचार्य प्रदीप दहिया ने बताया कि, जनगणना का कार्य राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि, नगर परिषद क्षेत्र की गणना शत-प्रतिशत सटीक और त्रुटिहीन रहे।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp