Rewari News: रेवाड़ी के धारूहेड़ा में बेखौफ बदमाश, भाई से बात कर रही युवती का मोबाइल छीनकर बाइक सवार फरार

Rewari News रेवाड़ी/धारूहेड़ा | हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब राह चलती महिलाओं और युवतियों का घर से निकलना भी दूभर होता जा रहा है। ताजा मामला औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा (Dharuhera News) का है, जहां बास रोड पर एक बेखौफ बाइक सवार बदमाश ने पैदल जा रही एक युवती के हाथ से मोबाइल झपट लिया और पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गया। पीड़िता उस वक्त फोन पर अपने भाई से बात कर रही थी। इस दौरान महिला जरूरी बातें कर रही थी, लेकिन उसके साथ अचानक वारदात हो गई।

नौकरी की तलाश में थी मोनिका, झपटमार ने तोड़ी उम्मीद

पीड़िता की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के खैरथल जिले के गांव दौलतपुर (किशनगढ़) की रहने वाली है। मोनिका फिलहाल धारूहेड़ा की संतोष कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहती है। वह यहां एक निजी कंपनी में काम करती थी, लेकिन एक साल का समय पूरा होने के बाद कंपनी ने उसे ब्रेक दे दिया था। पिछले कुछ दिनों से मोनिका दूसरी नौकरी की तलाश में इधर-उधर भटक रही थी। उसके लिए उसका मोबाइल सिर्फ एक फोन नहीं, बल्कि नौकरी की जानकारी पाने का इकलौता जरिया था।

भाई का फोन आया और हो गई वारदात

यह घटना 25 फरवरी की शाम की है। मोनिका काम की तलाश में बाहर निकली थी और पैदल ही अपने कमरे की तरफ लौट रही थी। वह जैसे ही बास रोड पर पहुंची, उसके भाई का फोन आ गया। मोनिका फोन कान पर लगाकर भाई से बात करने लगी। उसे अंदाजा भी नहीं था कि पीछे से कोई उसका पीछा कर रहा है। पीछे से तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल सवार आया। इससे पहले कि मोनिका कुछ समझ पाती, बदमाश ने एक जोरदार झपट्टा मारा और मोनिका के हाथ से मोबाइल छीन लिया। अचानक हुए इस हमले से मोनिका घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

शोर मचाया, पीछा किया पर बदमाश ओझल हो गया

मोबाइल छिनते ही मोनिका ने जोर-जोर से चोर-चोर चिल्लाना शुरू किया। उसने बदमाश को पकड़ने के लिए कुछ दूर तक दौड़ भी लगाई, लेकिन बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी। शाम का वक्त होने और सड़कों पर भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश गलियों में गायब हो गया। मोनिका ने आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp