Mahwa News महवा । कहते हैं कि, अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत में ईमानदारी हो, तो सफलता कदम चूमती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है, दौसा जिले की महवा तहसील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विशाला (ब्लॉक बैजूपाड़ा) की छात्रा प्रिया मीणा ने। प्रिया ने कक्षा 12वीं आर्ट्स (कला वर्ग) में 96% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे ब्लॉक में तीसरा स्थान और विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। (महवा न्यूज)
साफा और माला पहनाकर हुआ स्वागत
प्रिया की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के प्रिंसिपल राम मीणा ने प्रिया की मेहनत की सराहना करते हुए उसे साफा बांधकर और माला पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया। (शिक्षा समाचार राजस्थान)

प्रिंसिपल ने दी बधाई: स्कूल का रहा 100% रिजल्ट
समारोह को संबोधित करते हुए गगवाना निवासी प्रिंसिपल राम मीणा ने गौरव के साथ बताया कि, इस बार विशाला स्कूल का परीक्षा परिणाम 100% रहा है। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है कि, स्कूल के सभी विद्यार्थियों ने 60% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्रिया जैसी होनहार छात्राएं अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
रोजाना 8 घंटे पढ़ाई, दादा और पिता को है गर्व
प्रिया की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी तपस्या छिपी है। अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए प्रिया ने बताया कि, उन्होंने हर रोज 8 घंटे से अधिक पढ़ाई की। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य व्याकुलताओं से दूरी बनाकर सिर्फ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया। दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रिया से प्रेरणा लेनी चाहिए।
