HBSE Exam 2026 भिवानी/चंडीगढ़ । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने छात्रों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए द्वितीय वार्षिक परीक्षा (Second Annual Exam) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। बोर्ड द्वारा जारी नए आदेशों के अनुसार, अब छात्र बिना किसी विलंब शुल्क (Late Fee) के 12 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले इसकी अंतिम तिथि 10 अप्रैल तय की गई थी।
किसे मिलेगा अंक सुधार का मौका?
नई शिक्षा नीति के तहत हरियाणा बोर्ड ने अब साल में दो बार परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि, ऐसे नियमित परीक्षार्थी जो फरवरी-मार्च 2026 की मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन अपने प्राप्त अंकों (Marks) से संतुष्ट नहीं हैं, वे अब अंक सुधार (Improvement) के लिए दोबारा परीक्षा दे सकते हैं।
छात्र अपनी पसंद के अधिकतम 03 विषयों में दोबारा परीक्षा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया है।
अस्वस्थ या अनुपस्थित छात्रों के लिए विशेष अवसर
बोर्ड ने उन छात्रों का भी ख्याल रखा है जो गंभीर बीमारी, चोट या किसी सांस्कृतिक/खेल प्रतियोगिता के कारण मार्च की मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे। ऐसे परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय में जाकर ऑफलाइन माध्यम से जरूरी दस्तावेज और शुल्क जमा कराकर इस परीक्षा का हिस्सा बन सकते हैं।
सावधानी: अगर कोई छात्र प्रथम वार्षिक परीक्षा के सभी विषयों में अनुपस्थित रहा है, तो वह इस दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर सकता। ऐसे छात्रों के आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।