HSGMC के मीत प्रधान को सरेआम जड़े थप्पड़, शाहाबाद के DSP और दादूवाल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, जानिए सबकुछ

Haryana News Today कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र का शाहाबाद इलाका शनिवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। मौका था ‘मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च’ के प्रबंधन पर कब्जे की जंग का, लेकिन यह विवाद तब हिंसक हो गया जब हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान (जूनियर) गुरबीर सिंह तलाकौर पर सरेआम हमला कर दिया गया। बीच-बचाव के दौरान एक व्यक्ति ने मीत प्रधान को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

थप्पड़ कांड: कैमरे के सामने पीटे गए मीत प्रधान

घटना उस वक्त हुई जब मीरी-पीरी संस्थान के सेवा-संभाल (प्रबंधन) को लेकर विवाद चल रहा था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गहमागहमी के बीच एक शख्स अचानक गुरबीर सिंह तलाकौर के पास पहुंचता है और उन्हें थप्पड़ मार देता है। वहां मौजूद समर्थकों ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह रुकने को तैयार नहीं था और उसने मीत प्रधान पर दोबारा हमला कर दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद सिख संगत और पुलिस के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया।

खींचकर बाहर ले जाऊंगा’… जब DSP और दादूवाल में हुई ‘तू-तू मैं-मैं

हंगामे की सूचना मिलते ही HSGMC के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां स्थिति तब और बिगड़ गई जब शाहाबाद के DSP रामकुमार और दादूवाल के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि डीएसपी ने सख्त लहजे में दादूवाल से कहा- अभी तो मैं हाथ जोड़कर कह रहा हूं, नहीं तो फिर खींचकर बाहर ले जाऊंगा। पुलिस अधिकारी के इस बयान के बाद सिखों की धार्मिक कमेटी के सदस्यों में भारी रोष देखा जा रहा है।

क्या है विवाद की असली जड़?

पूरा मामला मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट के प्रबंधन पर कब्जे को लेकर है। एक तरफ हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) इसे अपने अधिकार क्षेत्र में मान रही है, वहीं दूसरी तरफ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) अमृतसर का दावा है कि यह संस्थान एक रजिस्टर्ड ट्रस्ट के अधीन है, जिसका सीधा नाता अमृतसर से है।

ट्रस्ट का पक्ष भी जानिए

मामले को लेकर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन बलदेव सिंह कायमपुर ने दोटूक कहा कि इस संस्थान का प्रबंधन हरियाणा कमेटी का नहीं, बल्कि अमृतसर रजिस्टर्ड ट्रस्ट का है। उन्होंने बलजीत सिंह दादूवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे संगत को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।

Leave a Comment

New Update WhatsApp Join WhatsApp