Haryana News महेंद्रगढ़ । हरियाणा में जमाखोरों और टैक्स चोरों के खिलाफ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM Flying Squad) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार को कनीना और रेवाड़ी के इलाकों में एक साथ हुई छापेमारी से अनाज माफियाओं में हड़कंप मच गया। संयुक्त टीम ने तीन गोदामों से भारी मात्रा में अवैध सरसों और गेहूं का स्टॉक बरामद किया है, जिस पर प्रशासन ने मौके पर ही 4.65 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोक दिया।
खुफिया इनपुट पर ‘स्ट्राइक’, घेरे में आए तीन गांव
प्रशासन को काफी समय से कनीना बेल्ट में सरसों की अवैध जमाखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार को इंस्पेक्टर दीनदयाल के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी, सीआईडी नारनौल, मार्केट कमेटी कनीना और जीएसटी विभाग की टीम ने घेराबंदी की।
कपूरी गांव में सबसे बड़ी रिकवरी
टीम ने सबसे पहले कपूरी गांव (गोस्वामी की ढाणी) में एक गुप्त गोदाम पर छापा मारा। यहां 1036 क्विंटल सरसों का जखीरा मिला। संचालक के पास न तो लाइसेंस था और न ही खरीद के कोई कागजात। इस पर विभाग ने 3.21 लाख रुपये टैक्स चोरी और मार्केट फीस समेत करीब 4 लाख रुपये का दंड लगाया।
डहीना और भड़फ में भी गिली गाज
रेवाड़ी के गांव डहीना में दूसरे गोदाम से 445 क्विंटल सरसों बरामद हुई, जहां करीब 34 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, भड़फ गांव में 200 क्विंटल अवैध गेहूं मिलने पर टीम ने 28 हजार रुपये की पेनल्टी वसूली।