DIET Rewari रेवाड़ी (हुसैनपुर): सरकारी दफ्तरों और स्कूलों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए हरियाणा शिक्षा विभाग अब ग्राउंड लेवल पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में DIET Rewari (हुसैनपुर) में ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय विशेष ट्रेनिंग कैंप चल रहा है। सोमवार को इस शिविर में जिले के बड़े शिक्षा अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और कर्मचारियों को सरकारी सेवा की बारीकियां समझाईं।
अनुशासन ही सरकारी संस्थान की असली पहचान: DEO बिजेंद्र सिंह हुड्डा
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बिजेंद्र सिंह हुड्डा ने कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि किसी भी सरकारी दफ्तर की साख वहां के अनुशासन से बनती है। हुड्डा ने कर्मचारियों को CCS Conduct Rules (सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली) के बारे में विस्तार से बताते हुए समय की पाबंदी का महत्व समझाया। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन केवल एक नियम नहीं, बल्कि एक अच्छी कार्यशैली का आधार है, जिसे हर कर्मचारी को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
स्कूल संचालन की अहम कड़ी हैं कर्मचारी: DEEO प्रदीप दहिया
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) एवं डाइट हुसैनपुर प्राचार्य प्रदीप दहिया ने कर्मचारियों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों और दफ्तरों को सुचारू रूप से चलाने में ग्रुप-डी कर्मचारियों का योगदान बेहद अहम है। दहिया ने न केवल उनके काम की सराहना की, बल्कि उनकी सर्विस से जुड़ी दिक्कतों और साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर पर जल्द से जल्द किया जाएगा।
प्री-टेस्ट से परखी जागरूकता, 24 मार्च से लगेगा अगला बैच
प्रशिक्षण की शुरुआत डाइट प्रभारी डॉ. विजय सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेनिंग शुरू होने से पहले सभी कर्मचारियों का एक ‘प्री-टेस्ट’ लिया गया, ताकि यह पता चल सके कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति कितने सजग हैं। डाइट प्राध्यापक एवं मास्टर ट्रेनर सत्यपाल यादव ने बताया कि जिन कर्मचारियों की फिलहाल बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी लगी है, उनके लिए यही ट्रेनिंग 24 मार्च से 28 मार्च के बीच दोबारा आयोजित की जाएगी। इस मौके पर प्रशिक्षण प्रकोष्ठ से सत्यपाल यादव, अशोक कुमार, बबीता समेत डाइट स्टाफ से हवा सिंह, रविंद्र कुमार और ऋतु यादव मौजूद रहे।